बरेली।रोडवेज संयुक्त कर्मचारी परिषद की मांगों को ठुकराए जाने के विरोध में आठ अप्रैल की रात 12 बजे से रोडवेज बसों के पहिए थम जाएंगे। कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। हालांकि यूपी रोडवेज इंप्लाइज ने 10 अप्रैल को चक्का जमा का ऐलान किया है। सरकार ने परिषद के दबाव में आकर सात फीसदी महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने का ऐलान पहले ही कर दिया है।परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार एवं बरेली शाखा के अध्यक्ष एके अरोड़ा का कहना है कि गुरुवार को लखनऊ में प्रांतीय अध्यक्ष चंद्र शेखर पांडेय के नेतृत्व में बैठक हुई थी जिसमें संबंधित अधिकारियों के सामने कर्मचारियों से जुड़ी तमाम समस्याएं रखीं गईं। अधिकारियों ने उन समस्याओं के समाधान के लिए कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं दिया। इसलिए प्रांतीय अध्यक्ष ने रोडवेज चक्का जाम की घोषणा कर दी है। आठ अप्रैल की रात 12 बजे से रोडवेज बस का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों की टीमें बनाई जाएंगी जो बरेली सेटेलाइट और पुराना रोडवेज पर रहेंगी। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, आगरा, कानपुर आदि जगह बसों को संचालन नहीं होने दिया जाएगा। रविंद्र कुमार ने बताया, लखनऊ में प्रांतीय धरना हुआ था जिसमें 15 हजार के आसपास कर्मचारी पहुंचे थे। वहां चक्का जाम का ऐलान किया गया। बरेली से भी प्रदर्शन में सैकड़ों कर्मचारी पहुंचे थे।